सीएम धामी 14 फरवरी को आएंगे रुद्रपुर, भव्य रोड शो होगा

Share News

महापौर ने  कार्यक्रम को भव्य और बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ बनाई रूपरेखा

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 14 फरवरी को रुद्रपुर पहुंच रहे हैं। उनके रुद्रपुर आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जोर शोर से तैयारियां की जा रही हैं । मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को भव्य और दिव्य रूप देने के लिए महापौर विकास शर्मा ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गहन मंथन कर रूपरेखा तैयार की।  मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, साथ ही शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान देंगे।

मंगलवार को डीएम कैंप कार्यालय में सीएम के कार्यक्रम को लेकर बैठक हुई। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि 14 फरवरी को मुख्यमंत्री का रुद्रपुर आगमन का मुख्य आकर्षण इंदिरा चौक पर स्थापित भव्य त्रिशूल का लोकार्पण होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री एक विशाल रोड शो के माध्यम से जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। यह रोड शो काशीपुर मार्ग और गल्ला मंडी होते हुए गांधी पार्क पहुंचेगा। रोड शो के पूरे मार्ग पर जगह-जगह पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री का अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा। सीएम धामी का मुख्य कार्यक्रम गांधी पार्क के विशाल प्रांगण में आयोजित होगा। यहाँ वे करोड़ों की योजनाओं की सौगात देंगे।  मुख्यमंत्री दस दिवसीय प्रादेशिक सरस मेले का विधिवत शुभारंभ कर प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। विकास और संस्कृति के इस संगम में शाम के वक्त मुख्यमंत्री विशाल शिव जागरण में भी सम्मिलित होंगे।

रुद्रपुर में हुई बैठक में मौजूद डीएम, महापौर और अधिकारी

कार्यक्रम को लेकर महापौर ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, मण्डी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के साथ चर्चा की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट डायवर्जन और जनसभा के दौरान नागरिकों की सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महामंत्री पारस चुघ, धीरेन्द्र मिश्रा, दिलजोत बाजवा आदि शामिल थे। सभी ने मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साह व्यक्त किया और आयोजन की भव्यता के लिए अपने सुझाव साझा किए।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *