रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप में पत्नी की हत्या का प्रयास, आरोपी पति पर मुकदमा दर्ज

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रूद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक पति ने अपनी ही पत्नी की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर उसे जान से मारने की कोशिश की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दहेज उत्पीड़न का केस वापस न लेने पर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, खजूर वाली गली (ट्रांजिट कैंप) निवासी प्रियंका का अपने पति द्रवपाल के साथ विवाद चल रहा है। प्रियंका ने एक साल पहले पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद से वह अपने पिता और दिव्यांग बेटे के साथ अलग रह रही है।

बीच सड़क पर धारदार हथियार से प्रहार

घटना 29 दिसंबर 2025 की दोपहर की है।  पीड़िता का कहना है कि वो अपने दिव्यांग बेटे के साथ मछली मार्केट से लौट रही थी, तभी आरोपी द्रवपाल ने उसे रास्ते में घेर लिया। गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार के बाद आरोपी ने अचानक धारदार हथियार से प्रियंका की गर्दन पर हमला कर दिया।

“तेरी हत्या कर मुकदमा खत्म कर दूंगा”

हमले के दौरान प्रियंका लहूलुहान हो गई और शोर मचाने लगी। स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपी वहां से फरार हो गया, लेकिन जाते-जाते धमकी दी कि “तेरी हत्या करके अपना मुकदमा ही समाप्त कर दूंगा।” घायल महिला का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement