
दुकानदार को टीम ने दी कड़ी हिदायत
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। शहर में मंगलवार को मांस की बिक्री पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अपना हंटर चला दिया है। नियमों को ताक पर रखकर नॉनवेज परोस रहे एक ढाबे पर छापेमारी कर निगम की टीम ने मांस और बर्तन जब्त कर लिए हैं।
—
त्रिशूल चौक पर ‘अली ख्वाजा बिरयानी’ पर छापा
नगर निगम को सूचना मिली थी कि त्रिशूल चौक स्थित ‘अली ख्वाजा बिरयानी’ नामक प्रतिष्ठान पर मंगलवार की पाबंदी के बावजूद धड़ल्ले से नॉनवेज बेचा जा रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने तत्काल टीम को मौके पर भेजकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। जैसे ही निगम की टीम दुकान पर पहुँची, वहां ग्राहकों को नॉनवेज परोसे जाने की पुष्टि हुई। अचानक हुई इस छापेमारी से दुकानदार और ग्राहकों के बीच हड़कंप मच गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद पका हुआ नॉनवेज जब्त किया। टीम ने बिरयानी का पतीला और अन्य सामग्री अपने कब्जे में ले ली।दुकानदार को भविष्य में उल्लंघन करने पर दुकान सील करने और भारी जुर्माने की चेतावनी दी।
—
शहर की मर्यादा और नियमों का पालन अनिवार्य
नगर निगम की टीम ने क्षेत्र के अन्य होटल और ढाबा संचालकों को भी सख्त हिदायत दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मंगलवार को कच्चा या पका हुआ मीट बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने पर नगर निगम अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


