
आदेश का उल्लंघन करने पर दुकान संचालक पर होगी कड़ी कार्रवाई
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। चैत्र नवरात्र के पर्व पर नगर निगम ने एक बड़ा निर्णय लिया है। महापौर विकास शर्मा ने स्पष्ट ऐलान किया है कि नवरात्र के दौरान पूरे नगर निगम क्षेत्र में नॉनवेज (मांस) की बिक्री और परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
बुधवार को महापौर शर्मा ने बताया कि नवरात्र आत्मिक शुद्धि और श्रद्धा का महापर्व है। जनभावनाओं और धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए नगर निगम ने विशेष SOP (Standard Operating Procedure) जारी की है। यदि निगम क्षेत्र में कोई भी होटल, ढाबा या रेस्टोरेंट संचालक कच्चा या पक्का मांस बेचता या खिलाता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ भारी चालान के साथ-साथ लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
वीडियोग्राफी के साथ होगी छापेमारी
महापौर ने बताया कि आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की विशेष टीमें गठित की गई हैं। यह टीमें शहर के विभिन्न होटलों और ढाबों पर औचक छापेमारी करेंगी। कार्रवाई के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों को मौके पर ही सीज करने के निर्देश दिए गए हैं।
गाइडलाइन का सख्ती से कराएंगे पालन
महापौर ने कहा कि पहले मंगलवार को मांस की दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब नवरात्र के महत्व को देखते हुए इसे पूरे नौ दिनों के लिए लागू किया गया है। निगम की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं की भावनाओं को कोई ठेस न पहुंचे।


