


जसपुर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, जसपुर। कुमाऊं एसटीएफ और पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने घेराबंदी करते हुए हथियारों की तस्करी कर रहे दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 10 असलहे बरामद हुए हैं।
संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पतरामपुर अंडरपास (सर्विस रोड) पर एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार (UK04X6583) को रोका। कार में शमशेर सिंह निवासी ग्राम हाजिरो, थाना जसपुर,सिमरनदीप सिंह निवासी अंजनिया फार्म, थाना पुलभट्टा मिले। कार में तलाशी के दौरान 02 पंप एक्शन गन (12 बोर),02 अवैध पिस्टल (32 बोर), 10 कारतूस बरामद हुए।
एसएसपी अजय गणपति ने साफ कर दिया है कि देवभूमि की फिजा में जहर घोलने वाले और अवैध हथियारों के दम पर खौफ पैदा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली जसपुर में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

