पार्षद हत्याकांड: भेष बदलकर भाग रहा था 25 हजार का इनामी, दबोचा

Share News

पांच साल बाद दबोचा गया मध्य प्रदेश का पेशेवर शूटर

न्यूज एंड नॉक डेस्क, रुद्रपुर। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स ने बहुचर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 25,000 हजार के इनामी और अंतरराज्यीय शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए शूटर पर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं।

दरअसल, 12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में पार्षद प्रकाश धामी की उनके घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। । सिर, गले और सीने में गोलियां लगने से पार्षद की मौके पर ही मौत हो गई थी।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि यह हत्या राजनीतिक वर्चस्व और पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। इसके लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को 4 लाख की सुपारी दी गई थी। मामले में कुल 7 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी, जिनमें से 6 पहले ही पकड़े जा चुके थे, लेकिन रिंकू शर्मा पिछले 5 वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा था।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि रिंकू शर्मा लगातार अपनी लोकेशन बदलकर फरार चल रहा था। एसटीएफ की टीम पिछले एक महीने से उस पर तकनीकी सर्विलांस के जरिए नजर रख रही थी। बुधवार सुबह सटीक सूचना मिली कि आरोपी रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है। तत्काल एसटीएफ और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने घेराबंदी की और उसे दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त रिंकू शर्मा उर्फ पंडित निवासी जग्गा का पुरा, थाना डिमनी, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *