


ट्रेन छूटने के डर से कुशीनगर एक्सप्रेस के एसी कोच में चढ़ी थी महिला
न्यूज एंड नॉक डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्रेन के एसी कोच में चढ़ी बुजुर्ग महिला पर टीटीई ने घूंसे बरसाए और दांत तोड़ दिए। ये घटना नर्मदापुरम से भोपाल आ रही कुशीनगर एक्सप्रेस में घटी थी। इस मामले में टीटीई के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दरअसल, भोपाल की पूर्वी रेलवे कॉलोनी की निवासी 75 वर्षीय सुशीला देवी छह मई को नर्मदापुरम (होशंगाबाद) से भोपाल लौटने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। उन्हें कुशीनगर एक्सप्रेस पकड़नी थी। जैसे ही वह प्लेटफॉर्म पर पहुंचीं, ट्रेन चलने ही वाली थी। ट्रेन छूट जाने के डर से सुशीला देवी आनन-फानन में पास के ही एक एसी कोच में चढ़ गईं। पीड़िता के अनुसार, जैसे ही वह कोच के अंदर दाखिल हुईं, वहां ड्यूटी पर तैनात टीटीई आगबबूला हो गया। बुजुर्ग महिला की मजबूरी समझने के बजाय टीटीई ने अपना आपा खो दिया और उनके चेहरे पर इतनी जोर से घूंसा मारा कि सुशीला देवी के दांत टूट गए। 75 साल की बुजुर्ग महिला का चेहरा लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद सुशीला देवी ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता और उनके परिजनों ने रेलवे प्रशासन से आरोपी टीटीई की पहचान कर उसे तत्काल निलंबित करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। जीआरपी थाना प्रभारी एमएस सोमवंशी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

