स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम को जनता ने बैरंग लौटाया

Share News

रुद्रपुर के संजय नगर खेड़ा में भारी हंगामा

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

रुद्रपुर। संजय नगर खेड़ा क्षेत्र में स्मार्ट विद्युत मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम को स्थानीय जनता और नेताओं के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। हंगामा और विरोध इस कदर बढ़ा कि स्थिति तनावपूर्ण हो गई और विभाग की टीम को काम बीच में ही छोड़कर बैरंग वापस लौटना पड़ा।

सोमवार की दोपहर संजय नगर खेड़ा में जैसे ही बिजली विभाग की टीम ने कुछ घरों में पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की तो स्थानीय निवासी सड़कों पर उतर आए। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा समर्थकों और कांग्रेसी नेताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जनता के साथ मिलकर टीम का घेराव कर लिया और सरकार व विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। पूर्व विधायक ठुकराल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए काम तुरंत बंद करने को कहा।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम जनता और गरीबों का शोषण करने का जरिया हैं। उन्होंने सवाल उठाया, अगर ये मीटर इतने ही अच्छे हैं, तो सबसे पहले इन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के घरों पर क्यों नहीं लगाया जा रहा? गरीब बस्तियों को निशाना बनाकर जबरन ये मीटर क्यों थपे जा रहे हैं? उन्होंने दावा किया कि स्मार्ट मीटरों में बिल पहले की तुलना में दोगुना-तिगुना आ रहा है, जिससे जनता त्रस्त है।

वहां पर पार्षद सौरभ बेहड़, विकास मल्लिक, रमेन विश्वास, रंजीत तिवारी, तरुण विश्वास, सुधांशु बढ़ाई, कृष्णपद राय, आसित बाला, गोपाल गोलदार और धनंजय मौजूद रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *