पिल्ला गैंग पर पुलिस का एक्शन,  नाबालिग समेत चार दबोचे

Share News

सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर करते थे मारपीट

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर दबदबा कायम करने और कमेंटबाजी को लेकर लोगों से मारपीट करने वाले कुख्यात पिल्ला गैंग पर कनखल पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह (सुधार गृह) भेजा गया है।

दरअसल, कनखल क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार मारपीट, हुड़दंग और आपसी झगड़ों की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने तत्काल सादे कपड़ों में पुलिस टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में अपनी निगरानी बढ़ा दी और संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की थी।

जांच के दौरान सामने आया कि 10 अप्रैल को कनखल निवासी कुलदीप कुमार ने अपने बेटे के साथ हुई बेरहमी से मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में पिल्ला गैंग के सदस्यों ने उनके बेटे को घेरकर बुरी तरह पीटा था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन मुख्य आरोपियों सक्षम उर्फ सावन निवासी विकास कॉलोनी, पुराना रानीपुर मोड़,  राजकुमार उर्फ जौंग निवासी जमालपुर, कनखल और  नीतीश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा निवासी जगजीतपुर, कनखल को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही गैंग में शामिल एक नाबालिग को भी पुलिस ने अपनी संरक्षण में लिया है।

पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी नीतीश कुमार उर्फ साजन उर्फ खबड़ा बेहद शातिर किस्म का है और वह पहले से ही हत्या के प्रयास’ (Attempt to Murder) के मामले में नामजद है। इसके अलावा, हाल ही में उसके खिलाफ रंगदारी मांगने (पैसों की डिमांड करने) और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक और नया मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गैंग से जुड़े अन्य गुर्गों और उनके मददगारों की भी कुंडली खंगाल रही है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *