बिग ब्रेकिंग: 91.16 ग्राम स्मैक के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार

– ऑपरेशन प्रहार: पुलिस की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई

– आरोपी पर पहले से भी दर्ज हैं मुकदमे

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। कुमाऊं पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती के कड़े निर्देशन में चलाई जा रही ऑपरेशन प्रहार के तहत एस.ओ.टी.एफ. और किच्छा कोतवाली के तहत लालपुर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने एक शातिर तस्कर को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ दबोचने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर शाम संयुक्त पुलिस टीम लालपुर क्षेत्र में प्रभावी चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुरुद्वारे वाली गली लालपुर, थाना किच्छा के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 91.16 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। उसने अपना नाम मलकीत सिंह निवासी गुरुद्वारे वाली गली, लालपुर, थाना किच्छा, जनपद ऊधमसिंहनगर बताया।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया और बरामद स्मैक को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ किच्छा कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी मलकीत सिंह आदतन नशा तस्कर है और क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय था। वह पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है और किच्छा कोतवाली में ही दर्ज दो अन्य मामलों में वांछित चल रहा था।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement