


– बागेश्वर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, फाइलों की क्लीयरेंस के बदले मांगी थी रिश्वत
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
बागेश्वर। विजिलेंस की टीम ने बागेश्वर में उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी सेक्टर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके सोलर प्लांटों से संबंधित संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट लंबे समय से अटकी हुई थी। आरोप था कि उरेडा के परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल प्रत्येक फाइल को आगे बढ़ाने के बदले 10 से 15 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायतकर्ता की कुल चार फाइलें लंबित थीं, जिसके एवज में आरोपी अधिकारी ने 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस ने मामले की गोपनीय जांच कराई। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक (विजिलेंस), हल्द्वानी के निर्देशन में एक ट्रैप टीम गठित की गई। शुक्रवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने उरेडा कार्यालय में जाकर अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत सौंपी, विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी अधिकारी मूल रूप से पीरूमदारा, रामनगर, जनपद नैनीताल) का रहने वाला है। विजिलेंस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

