


नशा तस्करी के काले साम्राज्य पर पुलिस का बड़ा प्रहार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
सितारगंज। पुलिस टीम ने वलीनगर स्थित बीएड कॉलेज के पास नशा तस्करी कर रहे पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 51.97 ग्राम स्मैक, बिक्री के 8,310 रूपये नकद, नशे की कमाई से खरीदी गई सोने-चांदी की ज्वेलरी, 7 मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त 2 बाइक बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार वलीनगर स्थित बीएड कॉलेज के पास चल रहे इस नशा कारोबार से स्थानीय लोगों में काफी रोष था और पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। 28 जुलाई को गश्त और एनबीडब्ल्यू की तामील के दौरान महिला उपनिरीक्षक बबीता टम्टा एवं पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक और स्कूटी सवारों का पीछा किया। टीम ने एक घर के चबूतरे से पांच अभियुक्तों को रंगे हाथों धर दबोचा, जो स्मैक की पुड़िया बनाकर बेचने की तैयारी कर रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में आरफीन खाँ निवासी बाईपास कॉलोनी, हाल निवासी वली नगर, सितारगंज, मो0 आदिल निवासी जलालाबाद, नजीबाबाद, बिजनौर, जैनब परवीन पत्नी आरफीन खाँ, निवासी बिजनौर (उ.प्र.), हाल निवासी सितारगंज, अलीशा निवासी बिजनौर, हाल निवासी सितारगंज और दिलनवाज अंसारी निवासी बिजनौर, हाल निवासी सितारगंज शामिल हैं।
पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में धारा 8/21/60 NDPS Act के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, एसआई बबीता टम्टा, हेड कांस्टेबल मतलूब ख़ान, मनोज गवाल, तारा गाड़िया और कांस्टेबल प्रेम सिंह, जगदीश कोठियाल, कृष्णा चन्द्र, नरेंद्र सिंह व ज्योती शर्मा शामिल रहे।

