


फेसबुक पर महिला ठग ने रिक्वेस्ट भेजकर जाल में फंसाया
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। सोशल मीडिया में अनजान से दोस्ती और निवेश में मोटे मुनाफे के लालच के एक युवक ने 25 लाख रूपये गंवा दिए। जब तक पीड़ित को ठगी का एहसास होता, तब तक देर हो चुकी थी। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
जितेन्द्र सिंह निवासी पुलभट्टा ने थाने में दी तहरीर में कहा कि बीते 27 सितंबर को फेसबुक पर उनको चित्रा शर्मा नाम की प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। उन्होंने उसे स्वीकार कर लिया था। इसके बाद फेसबुक मैसेंजर और फिर व्हाट्सएप पर उनकी बातचीत हुई थी। महिला ने खुद को दिल्ली के साकेत निवासी बताते हुए ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा होने की बात कही थी। उसने शेयर मार्केट ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया था। उसकी बातों पर भरोसा कर उसने एक कथित वेबसाइट पर निवेश शुरू किया था। व्हाट्सएप से भेजे गए लिंक के जरिए उसका अकाउंट बनाया गया और इसके डैशबोर्ड में निवेश करने पर भारी मुनाफा दिखाया जाता था। उसे विश्वास दिलाने के लिए शुरुआती तौर पर ठग ने उसके खाते में 22,185 रुपये मुनाफे के रूप में वापस भी किए थे। इसके बाद पीड़ित ने अपने बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों पर विभिन्न बैंकों में आरटीजीएस और यूपीआई के माध्यम से कुल 25 लाख रूपये ट्रांसफर कर।दिए। वेबसाइट पर पीड़ित के अकाउंट में करोड़ों का मुनाफा दिखाया गया। जब युवक ने रकम निकालने का प्रयास किया तो बार-बार विड्रॉल फेल होता रहा। इसके बाद उससे कथित टैक्स के नाम पर 50 लाख रुपये से अधिक की अतिरिक्त मांग की गई। इस पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

