18 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, i20 कार भी बरामद

– 55.02 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद, ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

नानकमत्ता। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत नानकमत्ता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 55.02 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही i20 कार संख्या UK06BG-8090 भी पुलिस ने कब्जे में ली है।

पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी खटीमा नीरज सेमवाल के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक नानकमत्ता संजय पाठक के नेतृत्व में चौकी प्रतापपुर पुलिस टीम ने 17 सितंबर को यह कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में निशान सिंह (54) निवासी ग्राम मिलकमाफी, नानकमत्ता के कब्जे से 36 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसका शुद्ध वजन 35.37 ग्राम पाया गया। वहीं दूसरे आरोपित गुरुचरन सिंह (30) निवासी जालंधर, पंजाब और हाल निवासी कच्ची खमरिया, नानकमत्ता के कब्जे से 20.28 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसका शुद्ध वजन 19.65 ग्राम था।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित स्मैक को i20 कार से परिवहन कर रहे थे। मामले में कोतवाली नानकमत्ता में एफआईआर संख्या 210/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपितों से स्मैक की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

नानकमत्ता पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में स्मैक और हेरोइन की तस्करी तथा नशे की बिक्री में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement