– एक साल बाद गड्ढे में बैठी कांग्रेस ने पूछा, जिम्मेदार कौन?
– लोनिवि कार्यालय में तालाबंदी की दी चेतावनी
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। नैनीताल मुख्य मार्ग पर इंद्रा चौक से बस अड्डे तक करीब एक साल से अधूरे पड़े सड़क निर्माण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने खुदी सड़क के गड्ढे में बैठकर विरोध जताया और राज्य सरकार व लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले सड़क निर्माण के नाम पर मार्ग को खोद दिया गया, लेकिन अब तक निर्माण पूरा नहीं कराया गया। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने दावा किया कि मार्ग की बदहाली के कारण आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं।
पीसीसी सदस्य मोहन खेड़ा ने कहा कि करीब एक साल पहले सड़क निर्माण को लेकर कई बार नारियल फोड़कर बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन एक साल बाद भी सड़क अधूरी है। उनका कहना था कि सड़क तोड़कर गहरे गड्ढे जरूर कर दिए गए, लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग को सड़क का निर्माण तत्काल नहीं करना था तो मार्ग को तीन-चार फीट तक खोदकर जनता की परेशानी बढ़ाने की जरूरत क्या थी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और अब भी मार्ग की स्थिति खराब बनी हुई है।
जुनेजा ने कहा कि जनता को अब आश्वासन नहीं, सड़क चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लंबे समय से समस्या सामने होने के बावजूद विभागीय अधिकारी इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि लोक निर्माण विभाग ने जल्द इंद्रा चौक से बस अड्डे तक सड़क निर्माण पूरा नहीं कराया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत पीडब्ल्यूडी कार्यालय में धरना-प्रदर्शन के साथ तालाबंदी करने की चेतावनी दी गई।
प्रदर्शन में पार्षद सौरभ राज बेहड़, पार्षद इंद्रजीत सिंह, राजू कोली, राकेश कोली, सुनील जड़वानी, साजिद खान, विजय गुप्ता, उमर अली, मोहन कुमार, कुंवर पाल कोली, अमित अरोरा, संजीव चौहान, सुरेंद्र सिंह, विकास मल्लिक, मनीष बावरा, रणजीत तिवारी, राजेंद्र मिश्रा, अर्जुन विश्वास, फरमान सिद्दीकी, देवानंद स्वर्णकार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




