– एक घंटे में कीरतपुर पहुंचे मेयर विकास शर्मा, सड़कों पर एक्शन
– दो बदहाल सड़कों का किया निरीक्षण, लोनिवि अधिकारियों को दिए निर्देश
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी और सोशल मीडिया पर नाराजगी सामने आते ही कीरतपुर की सड़कों का मामला गरमा गया। ग्रामीणों की पोस्ट के करीब एक घंटे के भीतर महापौर विकास शर्मा गांव पहुंच गए। उन्होंने दोनों प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।
महापौर ने ग्रामीणों के साथ आनंदम गार्डन वाली सड़क और जैन ग्लोबल स्कूल वाली मुख्य सड़क की बदहाली का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है और लंबे समय से निर्माण की मांग की जा रही है।
आनंदम गार्डन वाली सड़क की स्थिति को देखते हुए महापौर ने तत्काल मरम्मत पर जोर दिया। उन्होंने लोनिवि अधिकारियों से कहा कि स्थायी पुनर्निर्माण होने तक सड़क की पैचिंग कर गड्ढों को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं, जैन ग्लोबल स्कूल वाली मुख्य सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दोनों सड़कों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान का भरोसा
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन या शासन स्तर से जुड़ी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर उनके समयबद्ध समाधान का प्रयास किया जाएगा। ग्राम प्रधान आशीष यादव सहित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर समस्या का जायजा लेने और अधिकारियों से वार्ता करने पर महापौर का आभार जताया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि दोनों सड़कों की मरम्मत और निर्माण जल्द पूरा होने से उन्हें राहत मिलेगी। इस दौरान पार्षद पवन राणा, नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, बीनू, राजन राठौर, गौरव जुयाल, प्रवीण यादव, विपिन सैनी, वेद प्रकाश सूर्यवंशी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।




