
पुलिस ने ट्रक और गोदाम से पकड़ी फर्जी किताबें, मेरठ से जुड़े हैं तार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नकल माफिया और शिक्षा में भ्रष्टाचार” के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए ऊधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रुद्रपुर पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ करते हुए 5 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की फर्जी NCERT पुस्तकें बरामद की हैं। पुलिस गैंग तक पहुंचने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार 14 मार्च की रात रुद्रपुर पुलिस को सूचना मिली कि किरतपुर रोड से एक संदिग्ध ट्रक (UP37BT-0562) गुजर रहा है। पुलिस ने ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में NCERT की किताबें मिलीं। चालक ने बताया कि यह स्टॉक रुद्रपुर के एक गोदाम से लोड होकर मेरठ भेजा जा रहा था। रविवार की सुबह ट्रक चालक की निशानदेही पर पुलिस ने किरतपुर स्थित एक गोदाम पर छापा मारा तो उसमें ताला लगा था। 15 मार्च को तहसीलदार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में गोदाम का ताला खोला गया, जहां किताबों का विशाल जखीरा मिला।
संयुक्त टीम ने जांच की तो असली किताबों के मुकाबले लोगो में अंतर पाया गया। कागजों पर आधिकारिक वाटरमार्क गायब या संदिग्ध मिला। किताब का छपाई की गुणवत्ता बेहद खराब और संदिग्ध पाई गई।
किराए के गोदाम से चल रहा था खेल
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जांच में पता चला कि यह गोदाम राजेश कुमार जैन (निवासी रुद्रपुर) का है, जिन्होंने इसे संदीप (निवासी मेरठ) को किराए पर दिया था। पुलिस अब संदीप और इस आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।


