दो नशा तस्करों की 6.70 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

Share News

ऊधमसिंहनगर SSP का बड़ा एक्शन, अपराधियों के आर्थिक तंत्र पर प्रहार

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। पुलिस ने नशा तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले दो कुख्यात तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए उनकी करीब ₹6.70 करोड़ की चल-अचल संपत्ति को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों तस्कर लंबे समय से नशा तस्करी में लिप्त हैं।

बरेली के फतेहगंज पश्चिमी निवासी स्मैक तस्कर रिफाकत की ₹3.70 करोड़ की संपत्ति जब्त होगी। थाना पुलभट्टा क्षेत्र में जनवरी 2025 में पुलिस मुठभेड़ के दौरान रिफाकत गिरफ्तार हुआ था।  गिरफ्तारी के वक्त रिफाकत से 1060 ग्राम स्मैक और अवैध हथियार बरामद हुए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि रिफाकत ने नशे के कारोबार से ₹3.70 करोड़ की अचल संपत्ति खड़ी की है।

पुलिस के अनुसार 19 मार्च को सक्षम प्राधिकरण (SAFEMA/NDPS), नई दिल्ली के पोर्टल पर कुर्की का मामला दर्ज कर लिया गया है। रिफाकत पर हत्या, गैंगस्टर एक्ट और NDPS के 18 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं।

दूसरा अभियुक्त रुद्रपुर के दुधिया नगर निवासी संजय गुप्ता, जो दूसरे राज्यों से गांजा लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करता था, उसकी संपत्तियों को भी चिन्हित कर लिया गया है। अप्रैल 2025 में 434 किलो गांजा बरामदगी मामले में संजय गुप्ता मुख्य सरगना पाया गया था। उसके पास लगभग 3 करोड़ मूल्य के प्लॉट, दुकानें, आवासीय भवन और वाहन शामिल हैं।

पुलिस ने 68(F) NDPS एक्ट के तहत दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी को साक्ष्य भेज दिए गए हैं।

SSP अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रुकने वाला नहीं है। अपराध से अर्जित संपत्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हम अपराधियों के आर्थिक तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त कर देंगे।

 

ऊधमसिंहनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आपके आसपास कोई भी व्यक्ति नशे के कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *