रुद्रपुर में दुआ गैस एजेंसी के बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड

Share News

विधायक शिव अरोड़ा की पत्नी के नाम पर भी बुकिंग में फर्जीवाड़ा 

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। भूरारानी मोड़ स्थित दुआ गैस एजेंसी का एक सनसनीखेज कालाबाजारी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने आम जनता के साथ-साथ खुद क्षेत्रीय विधायक शिव अरोड़ा को भी नहीं बख्शा। विधायक की पत्नी के नाम पर बिना बुकिंग किए ही गैस डिलीवर दिखा दी गई। जिसके बाद विधायक का पारा चढ़ गया और उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

विधायक शिव अरोड़ा खुद हुए फर्जीवाड़े के शिकार

ये मामला तब खुला जब विधायक शिव अरोड़ा की धर्मपत्नी सीमा अरोड़ा के मोबाइल पर 18 मार्च को गैस बुकिंग और उसी दिन डिलीवरी का मैसेज आया (DSC No. 300155)। जबकि परिवार द्वारा कोई बुकिंग की ही नहीं गई थी। जब विधायक स्वयं दुआ गैस एजेंसी पहुंचे, तो वहां दर्जनों उपभोक्ता इसी तरह की शिकायत लेकर पहले से मौजूद थे।

इन उपभोक्ताओं के साथ भी हुई धोखाधड़ी

जांच में सामने आया कि एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं के नाम पर स्वयं बुकिंग कर गैस की कालाबाजारी की जा रही थी। प्रभावित होने वालों में प्रमुख नाम शामिल हैं। मयंक कक्कड़ 9 मार्च को बिना जानकारी के बुकिंग और डिलीवरी हो गई।अशोक कुमार आर्य की 22 मार्च को, राम किशोर की 12 मार्च को फर्जी डिलीवरी हो गई। जब उपभोक्ताओं ने असली जरूरत पड़ने पर बुकिंग की कोशिश की, तो उन्हें बताया गया कि उनकी बुकिंग की तारीख अभी आई ही नहीं है, क्योंकि उनके नाम पर पहले ही गैस ‘बांटी’ जा चुकी थी।

विधायक का अल्टीमेटम: “मुकदमा दर्ज हो और लाइसेंस सस्पेंड हो”

इस घटना की सूचना कर तहसीलदार दिनेश और सप्लाई इंस्पेक्टर मलकित सिंह भी पहुंचे। विधायक शिव अरोड़ा ने सख्त लहजे में कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन बीच के दलाल और कालाबाजारी करने वाले लोग गरीबों के चूल्हे बुझाने का काम कर रहे हैं। मेरी सरकार हर घर तक गैस पहुंचा रही है, लेकिन दुआ गैस एजेंसी जैसा कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस एजेंसी का लाइसेंस तुरंत सस्पेंड कर मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। विधायक ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक एजेंसी का मामला नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र में कहीं भी इस तरह की लापरवाही या कालाबाजारी पाई गई, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *