
रुद्रपुर के किरतपुर में गोदाम से बरामद हुई थी 10 लाख किताबें
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। कीरतपुर रोड स्थित एक गोदाम से लगभग 10 लाख नकली एनसीईआरटी किताबों की बरामदगी मामले में पुलिस ने तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शनिवार रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कीरतपुर मार्ग से एक संदिग्ध ट्रक (UP 37 BT 0562) को पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि ट्रक पास के ही एक गोदाम से लोड होकर निकला था। जब डीईओ हरेंद्र मिश्रा और कोतवाली पुलिस टीम ने गोदाम पर छापा मारा, तो वहां किताबों का अंबार देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद एनसीईआरटी दिल्ली को सूचना दी गई।
वहां से आई विशेषज्ञों की टीम ने सोमवार को किताबों का मुआयना किया। टीम ने पाया कि किताबों पर NCERT के स्थान पर ‘ACERT’ लिखा हुआ था। असली किताबों के मुकाबले इन किताबों में बेहद निम्न स्तर के कागज का इस्तेमाल किया गया था। किताबें निर्धारित मानकों और मशीनों से प्रिंट नहीं की गई थीं।जिस गोदाम में किताबें रखी थीं, वह भंडारण के लिए अधिकृत नहीं था।
एनसीईआरटी के सहायक उत्पादन अधिकारी दीपक कुमार की तहरीर पर पुलिस ने संदीप कुमार निवासी हर्रा, मेरठ, गोदाम स्वामी राजेश कुमार जैन के अलावा शाहरुख पर मुकदमा दर्ज किया है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।


