सिक्योरिटी जांच में पकड़ा गया कर्मी, मुकदमा दर्ज
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। सिडकुल की एक कंपनी में तैनात कर्मचारी चोरी से मुंह में चांदी छिपाकर ले जाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने सिक्योरिटी अधिकारी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंतनगर थाने में दी तहरीर में रजनीश पाल ने बताया कि वह मेटल प्लांट में सिक्योरिटी हेड के पद पर है। 29 जनवरी की सुबह साढ़े सात बजे मुख्य गेट पर वह सिक्योरिटी ऑफिसर के साथ ड्यूटी कर रहा था। इस दौरान ड्यूटी खत्म कर कंपनी से जाने वाले कर्मियों की जांच की तो अरविंद कुमार निवासी ग्राम बकैनिया जैतीपुर, शाहजहांपुर, यूपी पर संदेह हुआ था। उन्होंने आधुनिक उपकरण से जांच की तो पाया कि कर्मी अपने मुंह में 170 ग्राम चांदी का टुकडा छिपा कर चांदी चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इसकी कीमत 70 हजार रुपये थी। उनकी सूचना पर सिडकुल पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेने के बाद अभियुक्त के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

