
– घुघुतिया त्योहार में संजय वन में हुआ आयोजन, बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
– तराई के पक्षी नाम की पुस्तिका का विमोचन
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रूद्रपुर। उत्तराखण्ड का प्रसिद्ध घुघुतिया त्योहार पर संजय वन में आयोजित कार्यक्रम में वेटलैंड्स एवं फिन्स बया (बुनकर पक्षी) चिड़िया के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न स्कूलों के उत्साही विद्यार्थियों, वन विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय समुदाय ने कार्यक्रम में बढ़–चढ़कर भाग लिया।
सोमवार को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौदिया ने पर्यावरण पर आधारित विभिन्न विद्यालय के छात्रों द्वारा लगाये गये स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यदि हम एक-दूसरे का साथ नहीं देंगे तो इकोसिस्टम गड़बड़ा जाएगा। जिससे महामारी एवं अन्य गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से हम नई पीढ़ी को सिखाते हैं और पर्यावरण संतुलन में अपनी भूमिका निभाते हैं। कहा कि उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में मनाया जाने वाला घुघुती त्यौहार केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि बच्चों, प्रकृति और परंपराओं से जुड़ा एक भावनात्मक उत्सव भी है। हमें त्योहार मनाने के साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा भी करना चाहिए।
कहा कि सांसद अजय भट्ट के निर्देशन में संजय वन को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक पर्यटक संजय वन आकर प्राकृतिक सौंदर्यता का आनन्द ले सकें।
नेचर साइंस इनिशिएटिव की डॉ सौम्या प्रसाद ने बताया कि उधमसिंहनगर के वेटलैंड् उत्तराखंड का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यहां एंक्रोचमेंट (अतिक्रमण), पास में खेती एवं अन्य गतिविधियों से इकोसिस्टम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे डॉक्टर हमारी बीपी और सांस से स्वास्थ्य बताते हैं, वैसे ही चिड़ियां हमें जमीन की सेहत के बारे में बताती हैं। वर्तमान में वुडलैंड (वन क्षेत्र) में ग्रोथमेंट बढ़ रहा है। जिससे आने वाले समय में पानी की बड़ी समस्या हो सकती है। नेचर और कल्चर हमारे यहां एक साथ हैं। इस अवसर पर बच्चों ने नेचर पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें गीत, नृत्य एवं नाटक के माध्यम से पर्यावरण संदेश दिए गए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलायी गयी।
इस अवसर पर तराई के पक्षी नामक पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, डीएफओ यूसी तिवारी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती, उप प्रभागीय वन अधिकारी शशि देव, मंदीप कौर, वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम, डॉ. रमन कुमार, मुकेश कांडपाल, अपूर्ण जोशी, पूजा बिष्ट, डीएस नेगी, दिग्विजय सिंह, डॉ. कमलेश अटवाल, ओम प्रकाश, शेर सिंह कोरंगा, वर्षा जोशी, जगदीश पांडे, पूजा बिष्ट एवं युवराज सिंह खाती सहित छात्र-छात्राएं, पर्यटक आदि उपस्थित थे।

