सितारगंज में मुठभेड़: बाइक लुटेरों ने पुलिस टीम पर किया फायर

Share News

सितारगंज में पुलिस की गिरफ्त में अभियुक्त

पुलिस ने तीन अभियुक्तों को किया गिरफ्तार, दो की जांघ में लगी गोली

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, सितारगंज। सितारगंज पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने और गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला व फायरिंग करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और पाटल (हथियार) भी बरामद किया गया है। दो अभियुक्तों की जांघ में गोली लगी है।

तलवार की नोक पर की थी लूट

10 मार्च को ग्राम औदली निवासी अरुण सिंह से बदमाशों ने गर्दन पर तलवार रखकर उनकी प्लेटिना मोटरसाइकिल लूट ली थी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ललित चौधरी टीम के साथ ग्राम भरौनी में दबिश देने पहुंचे।पुलिस टीम जब आरोपी गुरमीत सिंह के घर पहुंची, तो वहां मौजूद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। खुद को घिरता देख बदमाश गुरमीत सिंह ने पुलिस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। आत्मरक्षार्थ और पुलिस बल की जान बचाने के लिए उपनिरीक्षक ललित चौधरी ने भी अपनी सरकारी पिस्टल से 2 राउंड हवाई फायर किए। इसके बाद आरोपी खेतों की ओर भाग निकले। मौके से पुलिस ने एक आरोपी मोहन सिंह को उसी समय दबोच लिया था।

घेराबंदी कर दबोचे गए मुख्य आरोपी

पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर फरार तीन अन्य आरोपियों इंद्रजीत उर्फ बग्गू, मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह और मक्खन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह पर पहले से ही लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे 8 गंभीर मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस टीम ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

दो अभियुक्तों की जांघ में लगी गोली

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त गुरमीत सिंह निवासी भरौनी थाना सितारगंज के बाएं जांघ में गोली लगी है। अभियुक्त इन्द्रजीत इंद्रजीत उर्फ दिलबाग उर्फ बग्गू निवासी भरौनी के भी बाएं जांघ में गोली लगी है। लूट में वादी की लूटी हुई प्लेटिना बाइक UK06-BC-9253 अभियुक्त गुरमीत सिंह के घर से बरामद हुई है।

 

 


Share News

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *