नवरात्रि के पहले दिन कुट्टू का आटा खाना पड़ा भारी, 5 की हालत गंभीर, 2 दुकानदारों पर एक्शन

Share News

रुद्रपुर के रम्पुरा और सुभाष कॉलोनी में कुट्टू की पूड़ी खाने से बिगड़ी 11 लोगों की तबीयत

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। नवरात्रि के पहले दिन फलाहार करना कई परिवारों के लिए मुसीबत बन गया। कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी खाने के बाद रम्पुरा और सुभाष कॉलोनी के करीब 11 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए 5 लोगों को भर्ती कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ितों ने बृहस्पतिवार की रात नवरात्रि के पहले व्रत पर कुट्टू के आटे का सेवन किया था। शुक्रवार सुबह अचानक उनके पेट में तेज दर्द, उल्टी, चक्कर आना और शरीर ठंडा पड़ने जैसी शिकायतें शुरू हो गईं। परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच शुरू की।

अस्पताल में भर्ती मरीजों में रम्पुरा के सौरभ राठोर (27), कमलेश (58), शारदा (34) और सुभाष कॉलोनी निवासी सोनम (20), वर्षा रस्तोगी (16) व रेखा रस्तोगी (37) शामिल हैं। अन्य मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

खाद्य विभाग की छापेमारी और कार्रवाई

मामला संज्ञान में आते ही खाद्य विभाग की टीम हरकत में आई। टीम ने तत्काल सुभाष कॉलोनी और रम्पुरा पहुंचकर कुट्टू के आटे के सैंपल लिए। लापरवाही बरतने और खराब गुणवत्ता का सामान बेचने के आरोप में दो दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने लोगों से व्रत के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांचने की अपील की है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *