
सीसीटीवी में कैद हुए दो नकाबपोश संदिग्ध
रुद्रपुर (न्यूज एंड नॉक ब्यूरो): शहर में दिनदहाड़े ठगी की एक बड़ी वारदात से सनसनी फैल गई है। कोतवाली क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को अपने सम्मोहन (Hypnotism) के जाल में फंसाकर करीब 15 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण पार कर दिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश जारी है।
बातों में उलझाकर किया सम्मोहित
जानकारी के अनुसार, शांति विहार निवासी रजनी गर्ग रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं। रेलवे क्रॉसिंग मोड़ के पास पहले एक युवक ने उनसे पता पूछने के बहाने बात शुरू की। कुछ ही दूरी पर हेलमेट पहने और नकाबपोश दो अन्य युवक मिले। इन युवकों ने महिला को मानसिक और शारीरिक परेशानी का डर दिखाया और ‘खतरनाक साए’ का हवाला देते हुए उन्हें पूरी तरह सम्मोहित कर लिया।
खुद घर जाकर अलमारी से निकाले गहने
पीड़िता ने बताया कि ठगों की बातों का उन पर ऐसा असर हुआ कि उनकी सोचने-समझने की शक्ति शून्य हो गई। वे वापस घर गईं और अलमारी का लॉकर खोलकर अपनी बहू के करीब 12 से 13 तोले सोने के आभूषण निकाल लाईं। उन्होंने ये आभूषण ठगों को सौंप दिए। ठगों ने जेवर लेकर उन्हें एक कागज की पुड़िया थमा दी और कहा कि इसे घर के मंदिर में रख देना और पीछे मुड़कर मत देखना, वरना अनर्थ हो जाएगा।
पोटली खोली तो निकले पत्थर
जब बुजुर्ग महिला ने घर जाकर मंदिर में रखी वह पोटली खोली, तो उनके होश उड़ गए। जेवरों की जगह उसमें पत्थर भरे हुए थे। ठगे जाने का अहसास होते ही महिला गश खाकर गिर पड़ीं। शोर मचने पर परिजनों को घटना का पता चला। बताया जा रहा है कि इनमें से अधिकांश जेवर महिला की बहू के थे, जिसकी शादी बीते साल 20 अप्रैल को हुई थी।
सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध, पुलिस ने बनाई टीम
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया है, जिसमें तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक ने हेलमेट पहना था और दूसरे ने चेहरा ढका हुआ था। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया है।


