


एसएसपी ने 4 पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, नानकमत्ता। पॉक्सो एक्ट के एक वांछित अपराधी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने गई पुलिस टीम के सामने एक वृद्ध महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। लोगों।के आक्रोश के बाद एसएसपी अजय गणपति ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक उपनिरीक्षक समेत 4 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को नानकमत्ता पुलिस की एक टीम ग्राम सिद्धा नवदिया में वांछित अभियुक्त कुलदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची थी। कुलदीप सिंह पर पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं (137(2), 64, 115, 351(2), 127(2)) के तहत मुकदमा दर्ज है। दबिश के दौरान वहां एक वृद्ध महिला पहुंची और अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर गई। पुलिस टीम द्वारा आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव हो गया। लोगों की ओर से मामले के निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने त्वरित कार्रवाई की। जांच में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दबिश टीम में शामिल उ0नि0 सुनील कुमार. हे0का0 नवीन कुमार, लोकेश तिवारी, महिला का0 बबीता रानी को लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी ने पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच पुलिस अधीक्षक (SP) रुद्रपुर को सौंप दी है।

