सिडकुल की कंपनी में नौकरी ढूंढने आया था युवक
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। सिडकुल की कंपनी में नौकरी की तलाश में आए युवक को सड़क किनारे पड़े घायल की सुध लेना महंगा पड़ गया। तीन युवकों ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना ट्रांजिट कैम्प में दी तहरीर में सतेन्द्र गंगवार निवासी- घोडा नगला, बिन्दुखत्ता, लालकुआ ने कहा है कि 12 जनवरी को वह सिडकुल स्थित ग्रीन प्लाई फैक्ट्री में नौकरी के लिये आया था। शाम लगभग आठ बजे वह लेबर ढाल स्थित परशुराम चौक के पास से घर वापस जा रहे थे। परशुराम चौक से पहले उसे एक व्यक्ति घायल अवस्था में रोड पर पडा हुआ दिखा। उसने मानवता के नाते उसे देखने के लिये अपने मोबाईल की टोर्च जलाया और उसे देखने लगा। इसी बीच पीछे से 3 अज्ञात लोगों ने उस पर जान से मारने की नियत से चाकू से हमला कर दिया। जिसमें उसके शरीर पर के कई जगह गंभीर चोटे आई। पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

