
पांच लोग घायल, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
मरने वालों में 11 महीने का बच्चा भी शामिल
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, अल्मोड़ा। ताकुला में बरात से अल्मोड़ा आ रही कार बसौली में खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। एसडीआरएफ टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और शवों के साथ ही घायलों को खाई से निकाला।
गुरुवार को बागेश्वर रोड पर बसौली के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम पोस्ट सरियापानी से उप निरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। कार में कुल 08 व्यक्ति सवार थे, जो बरात से लौटते समय अल्मोड़ा की ओर आ रहे थे। एसडीआरएफ टीम ने जिला पुलिस एवं स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाते हुए सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से ताकुला अस्पताल भिजवाया गया।
इस भीषण दुर्घटना में 03 व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में जया देवी पत्नी महेश, निवासी बागेश्वर,गोपाल आर्य, निवासी कांडें (ताकुला), संजय, निवासी कांडें ताकुला, महेश आर्य और अर्जुन कुमार निवासी दिल्ली घायल हो गए। इसके अलावा हादसे में मंजू देवी निवासी कांडें, ताकुला, दिनेश चंद्र और 11 माह के रोहन की मौत हो गई।


