बेंगलुरु में अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी में हुए कार्यक्रम में मिला पुरस्कार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रामनगर। शाइनिंग स्टार स्कूल को वर्ष 2025 के Wipro Earthian पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान बेंगलुरु में Azim Premji University में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।समारोह में स्कूल के चार छात्र, एक शिक्षिका तथा स्कूल प्रबंधक डीएस नेगी को सम्मानित किया गया।
Azim Premji Foundation के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Anurag Behar और Wipro फाउंडेशन से जुड़े पी.एस. नारायण ने पुरस्कार दिया। आयोजकों ने बताया गया कि इस वर्ष देश के 18 राज्यों के 2000 से अधिक स्कूलों ने कार्यक्रम में भाग लिया। इनमें 25 टीमों को राष्ट्रीय स्तर पर चयनित किया गया। शाइनिंग स्टार स्कूल की टीम को पर्यावरण शिक्षा और सतत जीवनशैली के क्षेत्र में नवाचार एवं प्रतिबद्धता के लिए यह पुरस्कार मिला।
स्कूल की टीम में छात्र राशि तिवारी, जागृत तिवारी, अंशिका नेगी और अंकिता राजवार तथा मार्गदर्शक शिक्षिका सरिता नेगी शामिल रहीं। टीम ने कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने, एकल उपयोग प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े और कागज के बैग अपनाने तथा स्कूल व समुदाय के लिए कम्पोस्टिंग समाधान विकसित करने जैसे कार्य किए।
पिछले दो वर्षों से विद्यालय के 40 से अधिक छात्र-शिक्षक देहरादून की संस्था Nature Science Initiative के ‘सस्टेनेबल लाइफस्टाइल’ कार्यक्रम से जुड़े।
विद्यालय के संस्थापक डी.एस. नेगी ने कहा कि बच्चों को वास्तविक जीवन और प्रकृति से जोड़ना ही शिक्षा का उद्देश्य होना चाहिए। यह सम्मान छात्रों और शिक्षकों के नवाचार तथा मेहनत का प्रमाण है।

