नैनीताल में लम्पी वायरस की दस्तक, 3 पशु मिले संक्रमित

– बचाव के लिए 163 टीमें मैदान में तैनात,1.22 लाख पशुओं को लगी वैक्सीन

न्यूज एंड नॉक संवाददाता

भीमताल। जिले में गौवंशीय पशुओं में लम्पी स्किन डिजीज (LSD) का संक्रमण सामने आने के बाद पशुपालन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। बीमारी की रोकथाम और मवेशियों को बचाने के लिए जिलेभर में सघन अभियान शुरू कर दिया गया है।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव सिंह के अनुसार, बीमारी की जांच के लिए भेजे गए 42 नमूनों में से 12 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, जिनमें 3 पशुओं में लम्पी वायरस की पुष्टि हुई है। इनमें से दो मामले राजपुरा गौशाला और एक मामला गोविन्दपुर गढ़वाल में पाया गया है। संक्रमण की स्थिति से निपटने के लिए पशुपालन विभाग ने 163 टीमें मैदान में उतारी हैं, जो गांव-गांव जाकर टीकाकरण और नि:शुल्क दवाइयों का वितरण कर रही हैं। जिले में अब तक 1,22,301 पशुओं का टीकाकरण पूरा किया जा चुका है।

वायरस का फैलाव रोकने के लिए बाहरी राज्यों व अन्य क्षेत्रों से गौवंशीय और महिषवंशीय पशुओं की आवाजाही व परिवहन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। विभाग ने पशुपालकों से पैनिक न करने और लक्षण दिखने पर सतर्कता बरतने की अपील की है। बीमारी को चपेट में आने वाले पशु के शरीर पर गांठें बनना, तेज बुखार आना, आंखों व नाक से पानी गिरना जैसे लक्षण होते हैं। लक्षण दिखते ही संक्रमित पशु को तुरंत स्वस्थ पशुओं से अलग (आइसोलेट) करें। पशु बाड़े में स्वच्छता बनाए रखें और मक्खी-मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशक का छिड़काव करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय या विभागीय टीम सेसंपर्क करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement