एआईसीसी ने बजाया बिगुल, देशभर की सड़कों पर उतरेंगे कार्यकर्ता
न्यूज एंड नॉक डेस्क
दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में दर्ज हुई एफआईआर के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों और जिला कांग्रेस कमेटियों को अपने-अपने मुख्यालयों पर आज शाम विशाल विरोध मार्च निकालने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद वहां भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से कराए गए “शुद्धिकरण अनुष्ठान” के खिलाफ राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सख्त कार्रवाई और एफआईआर की मांग की थी।
कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार के इशारे पर उत्तराखंड पुलिस ने दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा हल्द्वानी सिटी कोतवाली में राहुल गांधी के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर ली।
एआईसीसी ने इसे “बदले की राजनीति” करार देते हुए सभी राज्यों और जिलों के नेतृत्व, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया है। प्रदर्शन की रूपरेखा और अमल को ट्रैक करने के लिए एआईसीसी कनेक्ट सेंटर और केंद्रीय कंट्रोल रूम को सीधे पीसीसी नेतृत्व से समन्वय बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।




