


ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने एक नाबालिग को लिया संरक्षण में
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस ने क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाले फायरिंग मामले का त्वरित खुलासा किया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी (नाबालिग) को संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शास्त्रीनगर (गड्ढा कॉलोनी) रुद्रपुर निवासी कृष सिंह ने 17 जुलाई को तहरीर देकर बताया था कि उसका पड़ोसी सोनू जूड़ी उसे लगातार फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसी रंजिश के चलते 16 जुलाई की रात सोनू जूड़ी अपने साथी अनुज उर्फ मुदिया, सोहेल, सोनू राठौर उर्फ मिथुन, सुमित बंगाली, यश चौहान व अन्य के साथ मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उसके घर पहुंचा। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की और घर में जमकर तोड़फोड़ की। पीड़ित ने घर के अंदर छिपकर बमुश्किल अपनी जान बचाई। घटना के बाद घर की दीवारों पर गोलियों के निशान भी मिले थे।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी। एसएसपी के निर्देश और एसपी सिटी व सीओ रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
18 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मोदी मैदान क्षेत्र में घेराबंदी कर चार संदिग्धों को धर दबोचा। आरोपियों की पहचान सोनू राठौर उर्फ जूड़ी निवासी शास्त्रीनगर गड्ढा कॉलोनी, यश सिंह निवासी तपस्या विहार, ट्रांजिट कैम्प, सोहेल निवासी सिरौली कला, हाल निवासी आजाद नगर, रुद्रपुर और एक बाल अपचारी शामिल रहा।
तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी सोनू राठौर उर्फ जूड़ी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .३१५ बोर व छह खोखा कारतूस और नाबालिग के पास से एक अवैध तमंचा .३१५ बोर व ०२ जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने ३ मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मुख्य आरोपी सोनू के खिलाफ आर्म्स एक्ट (आयुध अधिनियम) के तहत अलग से भी केस दर्ज किया गया है।

