धोखाधड़ी करने के बाद आरोपी के भूमिगत होने का आरोप
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। जूता फैक्ट्री में पार्टनर बनाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से साढ़े 65 लाख रुपयों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि लाखों रुपये रकम लेकर आरोपी हिमाचल प्रदेश में छिपा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आवास विकास निवासी संतोष पाल ने पुलिस को बताया कि धर्मजीत सिंह निवासी ग्राम सिंघपुरा भागानी, जिला सिरमौर (पांवटा साहिब) हिमाचल प्रदेश रुद्रपुर के ग्रीन पार्क क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। धर्मजीत रुद्रपुर के ग्राम भूरारानी में मैसर्स पंवार एंड सन्स नाम से जूते बनाने की फैक्ट्री संचालित करता था। दिसंबर 2021 में धर्मजीत ने उसे अपनी फर्म में पार्टनर बनाने का आश्वासन देकर उससे 5 लाख रुपये का चेक लिया। दोनों के बीच 29 दिसंबर 2021 को एक लिखित अनुबंध भी तैयार किया गया। इसके बाद पार्टनरशिप के नाम पर अलग-अलग तारीखों में उससे आरोपी के कुल 60 लाख 57 हजार 68 रुपये और ले लिए गए। आरोप है कि जनवरी 2024 में धर्मजीत निजी कार्यों का हवाला देकर अपने मूल निवास हिमाचल प्रदेश चला गया। इसके बाद से वह लगातार फोन कॉल करने के बावजूद संपर्क में नहीं आ रहा है।
कहा कि धर्मजीत की पत्नी शिक्षा देवी के नाम से ग्राम गुरुवाला, पोस्ट भागानी जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) में मैसर्स किशन कन्हैया इंटरप्राइजेज नामक एक प्रोपराइटरशिप फर्म संचालित है। उसका कहना है कि धर्मजीत वहीं छिपा हो सकता है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

