


शातिर लखविंदर पर दर्ज हैं 23 वन अपराध
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के रामनगर रेंज की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले कई वर्षों से फरार चल रहे शातिर वन तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ पिछले छह सालों में सागौन, शीशम और खैर जैसे कीमती पेड़ों के अवैध पातन के 23 मामले दर्ज हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश चन्द्र आर्य एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी किरन साह के निर्देशन में वन क्षेत्राधिकारी शेखर चन्द्र तिवाड़ी के नेतृत्व में गठित टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। रामनगर रेंज की टीम ने 10 जुलाई को गुलजारपुर बीट के प्लाट एन-2 आरक्षित वन क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान अभियुक्त लखविन्दर पुत्र खेम सिंह, निवासी ग्राम गोबरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को जंगल में अवैध पातन करते हुए दो आरों के साथ रंगे हाथ दबोच लिया गया।
वन विभाग के मुताबिक।अभियुक्त के विरुद्ध वर्ष 2020-22 से लेकर 2026 तक रामनगर रेंज में बहुमूल्य वृक्षों की अवैध कटान से संबंधित कुल 23 वन अपराध पंजीकृत हैं। वह लंबे समय से पुलिस और वन विभाग को चकमा देकर फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा था।
पकड़े गए अभियुक्त के विरुद्ध वन अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वन विभाग द्वारा कागजी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के माध्यम से आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

