


– विधायक शिव अरोरा का संकल्प लाया रंग
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। चुनाव से पहले रुद्रपुर की जनता से किया गया विधायक शिव अरोरा का सबसे बड़ा संकल्प अब धरातल पर उतरने जा रहा है। रुद्रपुर को दशकों पुरानी जलभराव की गंभीर समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए विधायक के चार साल के प्रयासों के बाद 786.79 करोड़ रुपये का मास्टर ड्रेनेज प्लान स्वीकृत हो गया है। इसके पहले चरण के कार्यों के लिए व्यय वित्त समिति द्वारा 441.79 करोड़ रुपये का बजट को मंजूरी दे दी गई है। विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकासपरक सोच का आभार जताया है।
शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक अरोरा ने कहा कि साल 2022 में विधायक बनने से पूर्व उन्होंने रुद्रपुर की जनता के सामने 13 संकल्प रखे थे। इनमें से सबसे कठिन और बड़ा संकल्प रुद्रपुर को जलभराव से मुक्त कराना था। 2021 की भीषण जल त्रासदी को मैंने बहुत करीब से देखा था। जब लोगों के आशियाने जलमग्न थे, तब मैं उनके बीच राहत कार्य में जुटा था। उसी समय मैंने संकल्प लिया था कि चाहे कितनी भी मेहनत करनी पड़े, रुद्रपुर को इस नरक से मुक्ति दिलाऊंगा। जब मैंने इस मास्टर ड्रेनेज प्लान पर काम शुरू किया, तो लोग अचरज करते थे कि इतनी बड़ी योजना कैसे पूरी होगी, लेकिन मुझे अपने संकल्प और सरकार पर पूरा भरोसा था।
विधायक ने बिंदुवार जानकारी देते हुए बताया कि इस मुकाम तक पहुँचने के लिए उन्होंने पिछले 4 वर्षों में किस तरह हर स्तर पर पैरवी की। बताया कि 31 अक्टूबर 2022 को विधायक बनते ही मुख्यमंत्री धामी को सौंपे गए 10 बिंदुओं के एजेंडे में मास्टर ड्रेनेज प्लान को शामिल कराया। 22 नवंबर 2022 को सीडीओ से संपर्क कर सर्वे टेंडर की त्वरित रिपोर्ट मांगी। 30 दिसंबर 2022 को सिंचाई विभाग के माध्यम से ‘वीकेएस इंफ्राटेक’ कंपनी को 76 लाख रुपये का टेंडर जारी कराया, जिसे 245 दिनों में सर्वे पूरा करना था। 17 मई 2023 को अपनी लगातार पैरवी के दम पर इस योजना को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करवाया। 30 अगस्त 2024 को इस गंभीर मुद्दे को विधानसभा के पटल पर नियम-53 के तहत उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। 15 जनवरी 2025 को सर्वे एजेंसी ने अपनी अंतिम रिपोर्ट और 908 करोड़ की डीपीआर सौंपी।10 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर पहले चरण के बजट की त्वरित मांग की, जिसे तकनीकी परीक्षण में पास कराया। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी ने इसके पहले चरण के लिए 441.79 करोड़ को हरी झंडी दे दी है, जिसका शासनादेश बहुत जल्द जारी होने वाला है।
कहा कि प्रथम प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले प्रभावित क्षेत्रों में काम शुरू होगा। रुद्रपुर के वार्ड नंबर 1 से 13, 16 से 22, और 27 से 39 के तहत आने वाले ट्रांजिट कैंप, रम्पुरा, खेड़ा, संजय नगर खेड़ा, जगतपुरा, आवास विकास, रविंद्र नगर, दूधिया नगर, बिगवाड़ा, इंदिरा कॉलोनी, घास मंडी और गांधी कॉलोनी को पूरी तरह कवर किया जाएगा। शहर में 23 पुराने नालों का सुदृढ़ीकरण कर उनकी क्षमता बढ़ाई जाएगी और 61 नए नालों का निर्माण होगा। कुल 21.9 किलोमीटर लंबा अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम तैयार होगा।
विधायक शिव अरोरा ने साफ किया कि इस ड्रीम प्रोजेक्ट की शुरुआत इसी वर्ष 2026 में होने जा रही है। उन्होंने गर्व से कहा कि रुद्रपुर की जनता आज अपने विधायक का एक-एक वादा पूरा होते हुए देख रही है। यह कार्य आसान नहीं था, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति और मुख्यमंत्री धामी के ‘विकल्प रहित संकल्प’ की सोच से यह संभव हो पाया है।
वहां ले सिंचाई विभाग से अधिशाषी अभियंता भरत डांगी, सहायक अभियंता विजय पाल और उप सहायक अभियंता सुरेश कुमार सहित अनेक मौजूद रहे।

