सीएम धामी ने नेस्ले इंडिया की एकीकृत ग्रामीण विकास परियोजना का किया शुभारंभ

Share News

– उधमसिंहनगर और चंपावत के 10 गांवों के 15 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ

– पोषण, शिक्षा, स्वच्छता और कौशल विकास पर रहेगा फोकस

न्यूज एंड नॉक डेस्क

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में नेस्ले इंडिया की एकीकृत ग्रामीण विकास परियोजना का शुभारंभ किया। यह परियोजना नेस्ले इंडिया द्वारा डेवलपमेंट रिसर्च फाउंडेशन के सहयोग से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शुरू की गई है।

परियोजना के तहत उधम सिंह नगर और चंपावत जिले के 10 गांवों में विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे 15 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। चयनित गांवों में धरमपुर (मटकोटा), छत्तरपुर, कीरतपुर, दानपुर, बगावाला, शांतिपुरी-2, फौजी मटकोटा (बिंदुखेड़ा), नगला तराई, ककनई और मंच शामिल हैं।

यह परियोजना पोषण एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण और सामुदायिक विकास पर केंद्रित रहेगी। इसके तहत आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत किया जाएगा, स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी, बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाई जाएगी तथा युवाओं को डिजिटल साक्षरता और कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस अवसर पर नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मनीष तिवारी ने कहा कि मजबूत गांव ही मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं। उनका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर स्थायी विकास को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण समुदाय के प्रतिनिधि तथा नेस्ले इंडिया के अधिकारी मौजूद रहे। यह पहल उत्तराखंड में समावेशी और टिकाऊ ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *