


एसएसपी अजय गणपति का लापरवाही पर सख्त एक्शन
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ा कदम उठाया है। कार्यों की समीक्षा के बाद लापरवाही और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरतने पर एसएसपी ने काशीपुर की आईटीआई कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक और पैगा चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी अजय गणपति द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी समीक्षा के दौरान पाया गया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई विक्रम राठौड़ द्वारा कोतवाली में दर्ज मुकदमों और विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। इसके अलावा पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और उनके निस्तारण में भी अनावश्यक देरी की जा रही थी। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बाद भी कार्यप्रणाली में सुधार न होने और लापरवाही पाए जाने पर एसएसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
वहीं, चौकी प्रभारी पैगा जसविंदर सिंह पर भी पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई में देरी करने, मामलों को लटकाने और अपने कर्तव्यों के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप सही पाए गए। एसएसपी ने इस घोर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह को भी तत्काल लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए।

