विधायक पांडेय के घर पर पहुंचेंगे भाजपा के दिग्गज, सियासी पारा चढ़ेगा

Share News

जमीनों पर कब्जे को लेकर विवादों में घिरे विधायक को मिला है अतिक्रमण का नोटिस

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुरभाजपा में अंदरूनी सियासत गर्मायी हुई है। इसकी वजह गदरपुर विधायक अरविंद पाण्डेय हैं। सरकार और सिस्टम के खिलाफ इशारों में मोर्चा खोले पाण्डेय विवादों में घिरे हुए है। तीन लोगों ने उनपर, उनके रिश्तेदारों और करीबियों पर जमीन हड़पने के आरोप लगाए वहीं अब प्रशासन ने उनके आवासीय परिसर में अवैध अतिक्रमण का नोटिस थमा दिया है।

इससे अब सियासी पारा चढ़ गया है। अपनी सरकार में अतिक्रमण का नोटिस मिलने पर पाण्डेय खुलकर कुछ नहीं कह रहे मगर उनकी नाराजगी ने पार्टी में अंदरूनी हलचल बढ़ा दी है।

प्रशासन के निशाने पर आए पाण्डेय के घर बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पौड़ी सांसद अनिल बलूनी, विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक पहुंच रहे हैं। त्रिवेंद्र सरकार में ही पांडेय शिक्षा मंत्री रहे थे और उनकी तब तूती बोलती थी। फिलहाल गदरपुर में अपनी ही पार्टी के नेताओं के निशाने के अलावा वे प्रशासन की कार्यवाही की जद में हैं। हालांकि पांडेय अतिक्रमण को तोड़ देने की बात प्रशासन से कह रहे हैं। पार्टी के बड़े नेताओं का पांडेय के घर में जमावड़ा किसी बड़े नतीजे की ओर इशारा कर रहा है। भाजपा में सियासत की अंदरूनी हांडी में कुछ तो पक रहा है। मगर ये क्या है ये साफ होना अभी बाकी है।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *