बीजेपी राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) ने सराही त्रिशूल चौक की भव्यता

Share News

महापौर विकास शर्मा की पीठ थपथपाई

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण कार्यशाला के समापन के बाद संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने रुद्रपुर को एक नई आध्यात्मिक पहचान देने वाले त्रिशूल चौक का अवलोकन किया। उन्होंने चौक पर स्थापित भव्य त्रिशूल पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

सोमवार को प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार साथ बीएल संतोष ने त्रिशूल चौक पर पहुंचकर उसकी अनुपम सुंदरता और इसके पीछे की सोच की सराहना की। उन्होंने महापौर विकास शर्मा को अनुकरणीय पहल के लिए उन्हें बधाई दी।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर जैसे तेजी से विकसित होते शहर को उसकी जड़ों से जोड़ना एक उत्कृष्ट दूरदर्शिता है। यह चौक स्थानीय नागरिकों में गौरव का भाव पैदा करने के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।  महापौर विकास शर्मा ने बताया कि भगवान रुद्र के नाम पर बसे इस शहर को भव्य आध्यात्मिक स्वरूप देने के लिए त्रिशूल चौक के बाद अब बहुत जल्द शहर के एक और प्रमुख चौराहे को ‘डमरू चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष आशीर्वाद से रुद्रपुर में एक भव्य और विशाल शिव कॉरिडोर की स्थापना को मंजूरी मिल चुकी है। इसमें भगवान शिव की एक विशाल मूर्ति स्थापित की जाएगी और इसे दिव्य ऊर्जा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने महापौर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन हमेशा ऐसे जनहित और सांस्कृतिक चेतना के कार्यों को प्रोत्साहित करता है, जो शहर के गौरव को बढ़ाने का काम करते हैं।

वहां पर जिलाध्यक्ष कमल जिंदल,  खटीमा के पालिकाध्यक्ष रामू जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, गौरव जुयाल, विवेक दीप सिंह, पार्षद विष्णु, युवा मोर्चा जिला महामंत्री शशांक वर्मा आदि भी मौजूद रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *