महंगाई और भ्रष्टाचार वाली सरकार का अंत तय: गोदियाल

Share News

कांग्रेस एकजुट है, असल में लड़ाई तो भाजपा में चल रही

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर पेट्रो पदार्थों की बचत के लिए भाजपा महज दिखावे की राजनीति कर रही है। भाजपा के दांत दिखाने के और व खाने के कुछ और हैं। जनहित में तेल बचाना सही है परंतु भाजपा के मंत्री स्वयं इलेक्ट्रॉनिक वाहन पर सवार होकर निकलते हैं और इसकी वीडियो बनाने के लिए कई कार्यकर्ता कारों में सवार होकर उनके साथ होते हैं। इसे सिर्फ ढोंग कहा जा सकता है।

रविवार को गोदियाल का बगवाड़ा में गाजे-बाजे के साथ गर्मजोशी से जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेता विक्रम सिंह विर्क के निवास पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने और भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जुटने का आह्वान किया।

कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर मतभेदों की खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी भी प्रकार का विवाद नहीं है। कार्यकर्ताओं में अलग-अलग विचार हो सकते हैं, परंतु इसे विवाद नहीं कहा जा सकता। असली विवाद तो इस समय सरकार और गदरपुर के विधायक के मध्य चल रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि देश में हर नागरिक को मौलिक अधिकार दिए गए हैं, परंतु जब कोई उनके अधिकारों का हनन कर उत्पीड़न करता है तो यह बेहद गलत है। आज भारत की अंतर्राष्ट्रीय स्थिति भी बहुत खराब हो चुकी है। पूर्व में कांग्रेस शासन के दौरान पेट्रो पदार्थों व गैस की कीमतें आज के मुकाबले काफी कम थीं, लेकिन आज आम जनता को कमरतोड़ महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तराखंड में ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी।

इस दौरान पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, राजेश प्रताप सिंह, गुलशन सिंधी, विक्रमजीत सिंह विक्की, हरभजन सिंह विर्क, जहांगीर कुरैशी, मदन मोहन शर्मा, परिमल राय, सुमित्तर भुल्लर, नव तेजपाल सिंह, देवेंद्र शाही और जनार्दन सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *