


सीएम धामी ने अपने गृह क्षेत्र को दी 89 लाख की सौगात
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकासखंड कार्यालय परिसर में 89 लाख की लागत से बनी विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं को नई दिशा देना है।
सोमवार को मुख्यमंत्री ने दीदी की लाइब्रेरी, आधुनिक व्यायामशाला भवन, विकासखंड सभागार का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के अनेक प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों की कमी के कारण पीछे रह जाते थे। यह नई लाइब्रेरी ऐसे विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। यह केवल किताबों का संग्रह नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगी।
मुख्यमंत्री ने व्यायामशाला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वस्थ और अनुशासित जीवन शैली की ओर प्रेरित करने के लिए खेल एवं फिटनेस सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है।
वहां पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

