जन्मदिन के बहाने महापौर का दिखा दमखम, 2027 की मजबूत दावेदारी के संकेत

Share News

शिव कॉरिडोर का भूमिपूजन, पूरे शहर में पाटे गए होर्डिंग

विकास के साथ सॉफ्ट हिंदुत्व की राह पर बढ़े कदम

चंदन बंगारी, रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा का बुधवार को मनाया गया जन्मदिन महज एक व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि एक राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन नजर आया। पूरे शहर में लगे हजारों होर्डिंग्स, ढोल-नगाड़ों की थाप और नगर निगम में उमड़ी हजारों की भीड़ ने स्पष्ट कर दिया कि विकास शर्मा की नजरें अब 2027 के विधानसभा चुनाव पर टिकी हैं।

बुधवार को शहर के हर कोने में महापौर को बधाई देने वाले होर्डिंग्स लगाए गए थे। इन होर्डिंग्स के जरिए समर्थकों ने न केवल उनकी लोकप्रियता दिखाई, बल्कि उन्हें भविष्य के विधायक के रूप में भी प्रोजेक्ट करने की कोशिश की। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जन्मदिन के बहाने महापौर ने पार्टी आलाकमान को अपनी जमीनी पकड़ और जनता के बीच बढ़ती स्वीकार्यता का सीधा संदेश भेज दिया है।

महापौर ने अपने जन्मदिन की शुरुआत नीलकंठ धाम में शिव कॉरिडोर के भूमिपूजन के साथ की। इसे उनका ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि काशी विश्वनाथ और उज्जैन की तर्ज पर रुद्रपुर में शिव कॉरिडोर का दांव, 2027 से पहले मतदाताओं के बीच अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक छवि को और मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।

लड्डुओं से तौले गए महापौर, मोबाइल एसोसिएशन ने दिखाया प्यार

मोबाइल वर्ल्ड के स्वामी गौरव जुयाल और उनके साथियों ने महापौर के जन्मदिन के जश्न को यादगार बना दिया। नगर निगम परिसर में गौरव जुयाल और उनके सहयोगी व्यापारियों ने महापौर को लड्डुओं से तौलकर उनका अभिनंदन किया।  गौरव ने कहा कि महापौर विकास शर्मा ने हमेशा व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता दी है और यह सम्मान उसी अपनत्व का प्रतीक है। महापौर को तौलने के बाद लड्डू उपस्थित जनसमूह में प्रसाद के रूप में वितरित किए गए।

हर वर्ग को साधने की कोशिश

नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में ब्राह्मण महासभा, सिख समाज, पंजाबी समाज, बंगाली समाज और वाल्मीकि समाज समेत तमाम बिरादरियों के साथ ही सामाजिक और व्यापारिक ने उन्हें सम्मानित किया। ये विकास शर्मा की सर्वसमाज के नेता के रूप में मजबूत होती छवि को दर्शाता है। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, दर्जा मंत्रियों और भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने इस आयोजन को पूरी तरह हाई-प्रोफाइल बना दिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए टिकट की दौड़ अभी से शुरू हो चुकी है। विकास शर्मा ने इस जन्मदिन के जरिए अपनी दावेदारी की सबसे मजबूत लाइन खींच दी है।

स्मार्ट सिटी का दोहराया संकल्प

भीड़ देख भावुक हुए विकास शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान रुद्रपुर की जनता का मुझ पर अटूट विश्वास है। राजनीति मेरे लिए सत्ता नहीं, सेवा का मार्ग है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए रुद्रपुर को ‘स्मार्ट सिटी’ बनाने का संकल्प दोहराया।

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *