आठ अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापा, रेडियोलॉजिस्ट न मिलने पर मशीनें सील

किच्छा में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

न्यूज एंड नॉक डेस्क, किच्छा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीसी-पीएनडीटी एक्ट के उल्लंघन और लिंगानुपात संरक्षण को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने आठ अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर मशीनों को सील करने की कार्रवाई की गई।

बुधवार को टीम को निरीक्षण के दौरान छत्रपति साहू जी महाराज हॉस्पिटल में मौके पर रेडियोलॉजिस्ट उपस्थित नहीं मिले। एक्ट के प्रावधानों के तहत, बिना पंजीकृत रेडियोलॉजिस्ट के मशीन संचालन प्रतिबंधित है, जिसके चलते यहाँ की अल्ट्रासाउंड मशीन को अस्थाई रूप से सील कर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद ही मशीन दोबारा शुरू की जा सकेगी।

इसके अलावा सात केंद्रों गुप्ता अल्ट्रासाउंड केंद्र, सीएचसी, बठला हॉस्पिटल, ॐ इमेजिंग अल्ट्रासाउंड सेंटर, किशोर हॉस्पिटल, सूरजमल हॉस्पिटल में भी रेडियोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति पाई गई। हालांकि, इन केंद्रों द्वारा रेडियोलॉजिस्ट की अनुपलब्धता के संबंध में पीएनडीटी सेल को पूर्व में सूचित कर दिया गया था। नियमानुसार रेडियोलॉजिस्ट की गैर-मौजूदगी में मशीनों को सील किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने इस कार्रवाई को लिंगानुपात सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

टीम में एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह,  जिला समन्वयक (पीसी-पीएनडीटी सेल) प्रदीप मेहर, आईएसडी बिंदु वासिनी और तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी शामिल रहे।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement