मेरी पत्नी ठीक थी, अस्पताल की लापरवाही ने उसे मार डाला

ऑक्सीजन न मिलने से गर्भवती ने तोड़ा दम, एक साल।पहले हुई थी शादी

पंतनगर थाने में दी मृतका के पति ने तहरीर

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो,  जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय में प्रसव के लिए भर्ती हुई महिला की मौत हो गई। आरोप है कि उपचार न मिलने और ऑक्सीजन की कमी के चलते मौत हुई है। मृतका के पति ने अस्पताल प्रशासन पर डॉक्टर की अनुपस्थिति और मौत की खबर छिपाने जैसे बेहद संगीन आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

सिंह कॉलोनी निवासी सौरभ मिश्रा ने थाना पंतनगर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार की शाम उन्होंने अपनी गर्भवती पत्नी ज्योति पांडे को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, फिर भी नर्स स्टाफ ने मरीज को भर्ती कर लिया।

रात करीब डेढ़ बजे सामान्य प्रसव के बाद ज्योति को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजनों के गिड़गिड़ाने के बावजूद अस्पताल में ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई। हालत बिगड़ने पर जब परिजनों ने दूसरे अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, तो डॉक्टर न होने की वजह से रेफरल प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई।

सौरभ का आरोप है कि उनकी पत्नी की मृत्यु रात 2 बजे ही हो चुकी थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने अपनी लापरवाही छिपाने के लिए सुबह 5 बजे मौत की सूचना दी।

उनका कहना है कि ज्योति पूरी तरह स्वस्थ थी और उसने सामान्य रूप से पुत्री को जन्म दिया था। प्रसव के बाद की स्थिति को संभालने में अस्पताल का स्टाफ पूरी तरह विफल रहा। परिजनों को मरीज के पास तक नहीं जाने दिया गया। पति ने पंतनगर थाना प्रभारी को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement