रुद्रपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों के ट्रांसफर से बिगड़ी व्यवस्था

Share News

– विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को लगाया फोन, मिला आश्वासन

– विधायक के सीडीओ दिवेश शाशनी के साथ अस्पताल का औचक निरीक्षण कर जाना मरीजों का हाल

– बाल रोग, गायनी और रेडियोलॉजिस्ट जैसे अहम पद खाली

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों के तबादलों के बाद स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर आ गई हैं। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां रोजाना हजारों की संख्या में गरीब और मध्यम वर्ग के मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन एक साथ आठ डॉक्टरों के ट्रांसफर से मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक शिव अरोरा ने मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के साथ जिला अस्पताल का औचक दौरा किया। व्यवस्थाओं में सुधार और डॉक्टरों की कमी को लेकर विधायक ने तत्काल स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से फोन पर बात की और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जल्द तैनाती की मांग की।

विधायक और सीडीओ ने जब अस्पताल के पीएमएस डॉ. ए.एम. शर्मा के साथ बैठक की, तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। अस्पताल से हाल ही में आठ डॉक्टरों का तबादला हुआ है। कई डॉक्टरों की जगह नए आदेश तो हुए हैं, लेकिन अभी तक जॉइनिंग नहीं हुई है। दो गायनी (महिला रोग विशेषज्ञ) और एक रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के आदेश अब तक जारी नहीं हो सके हैं।

विधायक ने पीएमएस को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे डॉक्टरों के ट्रांसफर से पहले और बाद का पूरा चार्ट तैयार करें, ताकि शासन स्तर पर पैरवी की जा सके।

विधायक ने अस्पताल से ही स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से दूरभाष पर सीधी बात की। स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वस्त किया है कि अगले कुछ ही दिनों में ट्रांसफर हुए डॉक्टरों की जगह नए चिकित्सकों की तैनाती कर दी जाएगी। साथ ही, अटके हुए तीन डॉक्टरों (गायनी और रेडियोलॉजिस्ट) के आदेश भी तुरंत जारी करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान विधायक और सीडीओ ने इमरजेंसी वार्ड से लेकर जनरल वार्ड तक का चक्कर काटा। वहां भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और पूछा कि उन्हें दवाइयां और स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं।वहां पर पीएमएस डॉ. ए.एम. शर्मा, डॉ. इरशाद, पार्षद निमित शर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री राधेश शर्मा, जितेंद्र चौहान, मयंक कक्कड़, के.पी. राठी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता व अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *