जसपुर के पतरामपुर गेट से ‘जंगल सफारी’ शुरू

वन मंत्री सुबोध उनियाल और सांसद अजय भट्ट ने किया शुभारंभ

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, जसपुर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फांटो जोन में जसपुर के पतरामपुर गेट से भी जंगल सफारी होगी। पतरामपुर गेट से ‘जंगल सफारी’ का शुभारंभ उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और सांसद अजय भट्ट ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

दरअसल, फांटो जोन वन्यजीव बहुल है। यहां बाघ के साथ हाथी, चीतल, सांभर, मोर सहित सैकड़ों परिंदों का डेरा हैं। अपनी खूबियों की वजह से ये जोन कम समय में ही सैलानियों की पहली पसंद बन गया है। इस जोन में अभी तक रामनगर से सफारी होती थी मगर अब नया गेट खुलने से जसपुर से सैलानी सफारी कर सकेंगे।

बुधवार को नए गेट के शुभारंभ पर सांसद भट्ट ने कहा कियह पहल क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी सशक्त करेगी तथा प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘पर्यटन विकास एवं प्रकृति संरक्षण’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए यह प्रयास क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वहां पर अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, कॉर्बेट पार्क के निदेशक डॉ. साकेत बडोला, तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य सहित अनेक मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement