“परीक्षा का पहला इम्तिहान: नैनीताल में 10वीं के 9500, इंटर के 8700 छात्र शामिल”

हल्द्वानी _  उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 21 मार्च से शुरू होने जा रही हैं। कल पहला प्रश्नपत्र आयोजित किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी। नैनीताल जिले में इस वर्ष कुल 108 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 38 केंद्र दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित हैं। सभी कक्ष निरीक्षकों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
                    उत्तराखंड बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। नैनीताल प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश जारी किए हैं। नकल रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 12 सचल दल गठित किए गए हैं, जो परीक्षा के दौरान लगातार केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और उड़न दस्तों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
इस वर्ष हाईस्कूल में लगभग 9,500 और इंटरमीडिएट में करीब 8,700 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जनपद के 108 परीक्षा केंद्रों में से 106 केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं अलग-अलग समय पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों पर केंद्रीय व्यवस्थापकों ने कक्ष निरीक्षकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण, उत्तर पुस्तिकाओं की गोपनीयता और परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट कहा है कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों और छात्रों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement