
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, पंतनगर। ऊधमसिंहनगर में अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में शराब की होम डिलीवरी का प्रचार करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
बीते 20 फरवरी को पन्तनगर यूनिवर्सिटी कैम्पस में समाचार पत्रों के अंदर आपत्तिजनक कार्ड वितरित किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। कार्ड पर अंग्रेजी में “Fast delivery, enjoy a drink at the comfort and safety of your home, we are just a call away” अंकित था। जिसमें परिसर में शराब व अन्य मादक पदार्थों की होम डिलीवरी की आशंका बनी थी। विश्वविद्यालय प्रशासन एवं स्थानीय लोगों द्वारा रोष व्यक्त करते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान देवाशीष विश्वास पुत्र रविन्द्र विश्वास निवासी ग्राम टैगोर नगर शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर द्वारा उक्त कार्ड अखबारों में डालकर वितरित किया जाना पाया गया। पुलिस टीम द्वारा तत्परता से अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त को धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


