महिला पर्यटक से दुष्कर्म प्रयास और लूट, आरोपी टैक्सी चालक गिरफ्तार

हल्द्वानी ब्यूरो  _ नैनीताल में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लूट की गंभीर घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को मात्र 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने बताया कि 5 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुँची थी। हल्द्वानी से वह ऑटो के जरिए काठगोदाम पहुँची और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराये पर ली। बताया जा रहा है कि रात्रि करीब 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला के विरोध करने पर चालक ने उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म का प्रयास किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल फोन भी लूट लिया ताकि वह किसी को घटना की सूचना न दे सके।
घटना के बाद 6 मार्च की सुबह पीड़िता ने स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में मुकदमा धारा 64, 309(6) और 137 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया, इस दौरान टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वाहन संख्या UK04TB 5500 (वैगनआर) के आधार पर जांच शुरू की। जीपीएस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी को भवाली रोड स्थित पाइन्स क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) पुत्र नंदन सिंह बोरा निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन Vivo Y100 बरामद कर लिया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी ने कहा कि पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement