जानिए बाजपुर के इस मास्टरमाइंड आरोपी का खौफनाक ड्रामा

ऋषिपाल पर दागी गोली, फिर खुद की जांघ में ठोंका कारतूस

न्यूज एंड नॉक संवाददाता

बाजपुर। पुलिस ने जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 01 अवैध तमंचा .315 बोर और 02 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए खुद को भी गोली मारकर झूठी कहानी गढ़ने का प्रयास किया था, जिसका पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।

दरअसल, 23 अगस्त को आरोपी सर्वजोत सिंह उर्फ साब्बी ने ऋषिपाल नामक व्यक्ति पर जानलेवा नीयत से फायर कर दिया था। इस संबंध में बाजपुर कोतवाली में मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की गई थी। 27 अगस्त को पुलिस पूछताछ में आरोपी सर्वजोत सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने खुलासा किया कि ऋषिपाल पर गोली चलाने के बाद खुद को कानूनी शिकंजे से बचाने के लिए उसने अपने साथी धीरेंद्र सिंह की मदद से उसी तमंचे से अपने दाहिने पैर की जांघ पर गोली मार ली थी, ताकि वह खुद को पीड़ित दिखाकर पुलिस को गुमराह कर सके।

पुलिस टीम ने आरोपी सर्वजोत सिंह निवासी ग्राम बिराहा फार्म, बाजपुर की निशानदेही पर ग्राम रहेटा सड़क किनारे स्थित एक ट्यूबवेल के पास से घटना में प्रयुक्त 01 देशी तमंचा .315 बोर और 02 खोखा कारतूस बरामद किए। मामले में पुलिस सह-अभियुक्त धीरेंद्र सिंह को 26 अगस्त को ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह, उपनिरीक्षक व विवेचक संदीप शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल प्रहलाद सिंह तथा कांस्टेबल बलवंत सिंह व जीवन भट्ट शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement